मुगलसराय। रिटायर हो चुके रेलकर्मियों के पेंशन संबंधित विवादों के निपटारे के लिए सोमवार को इंडियन इंस्टीट्यूट स्थित सामुदायिक भवन में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान 36 मामलों का निपटारा हुआ। वहीं 13 लाख 58 हजार पांच सौ अस्सी रुपए का चेक व आरटीजीएस के माध्यम से भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई। 28वीं पेंशन अदालत 2014 में मंडल के 54 केस प्राप्त हुए। जांच पड़ताल के बाद 36 मामले पेंशन अदालत से संबंधित पाए गए। इन वादों में आवश्यक जांच व प्रक्रिया पूरी कर उन्हें निपटाया गया। इसमें 13,58,580 रुपये का भुगतान किया गया। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक बीआर विप्लवी, सीनियर डीपीओ एससी श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी, कर्मचारी, यूनियन व सेवानिवृत्त एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन मंडल कार्मिक अधिकारी श्याम बाबू ने किया।