चंदौली। अभिभावकों का उनके बच्चों संग बहुत ही नाजुक रिश्ता होता है। इस संबंध को और अच्छा बनाने के लिए अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की निगाहों से देखें भी चीजों को देखें। यह बात आईजी वाराणसी जोन अमरेंद्र सेंगर ने सोमवार को नगर स्थित सेंट थामस विद्यालय के वार्षिकोत्सव अवसर पर उपस्थित छात्रों और उनकेे अभिभावकों को संबोधित करते हुए कही।
अभिभावकों को नसीहत देते हुए आईजी ने कहा कि बच्चों पर अपने तनाव को न थोपें। उन्हें हमेशा ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित करें। बच्चा जब ज्ञान के लिए पढ़ेगा तो उसकेे अच्छे नंबर अपने आप आएंगे। कहा कि बच्चे वर्तमान में जीते हैं इसलिए उनकी भावनाओं को समझें और हर बात पर ना बोलने की जगह उन्हें समझाएं। प्रधानाचार्य जेएच रिचर्ड्स ने कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा के साथ ही संस्कार देने के लिए भी प्रयासरत रहता है। इससे पूर्व आईजी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय के होनकार बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। साथ ही नेत्रदान की शपथ लेने वाले अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शशिकांत श्रीवास्तव, डीपी सिंह, मीरा यादव, गायत्री आदि उपस्थित रहीं। संचालन सुधीद्र सिंह ने किया।