मुगलसराय। मंडल के सोननगर-बरवाडीह सेक्शन में आने वाले कोसियारा और हैदरगढ़ रेलवे स्टेशनों का कैश बाक्स नक्सलियों ने मंगलवार की रात लूट लिया। इसकी जानकारी दोनों स्टेशनों के स्टेशन मास्टरों ने मंडल के उच्चाधिकारियों को दी। जिस पर राजकीय रेलवे पुलिस डाल्टनगंज में लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई गई। नक्सलियों ने कोसियारा रेलवे स्टेशन से करीब चार हजार और हैदरगढ़ रेलवे स्टेशन से 11 हजार रुपये लूटे हैं।
गौरतलब है कि नक्सलियों ने 02 दिसंबर से साप्ताहिक बिहार और झारखंड बंद की घोषणा की है। घटना के संबंध में कोसियारा स्टेशन मास्टर ने बताया कि मंगलवार की देर रात तकरीबन साढ़े नौ बजे चेहरे को काले कपड़े से छुपाकर चार लोग पहुंचे और असलहे से धमकाकर कैश बाक्स लूट लिया। जिसमें टिकट बिक्री के करीब चार हजार रुपये के साथ उनकी घड़ी और पर्स आदि थे। इसके बाद वे जंगल में चले गए।
लूट की दूसरी घटना देर रात करीब साढ़े बारह बजे कोसिआरा रेलवे स्टेशन से करीब आठ किलोमीटर दूर हैदरगढ़ स्टेशन पर हुई।
यहां भी चार लोग मुंह ढके पहुंचे और असलहे से धमकाकर टिकट बिक्री के 11 हजार रुपये, पर्स व जरूरी कागजात लूट लिए। हैदरगढ़ स्टेशन मास्टर के अनुसार नक्सली करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर रुके रहे। दोनों स्टेशन मास्टरों ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय मुगलसराय को इसकी सूचना दी। जीआरपी मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।