मुगलसराय (ब्यूरो)। सियालदह से नई दिल्ली जा रही 12313 अप सियालदह राजधानी एक्सप्रेस के मुगलसराय स्टेशन पर पहुंचते ही कस्टम विभाग ने एसएलआर कोच पर शुकवार की देर रात्रि छापेमारी कर विदेशी कपड़ों के 20 बंडल बरामद किए। बंडलों को कोच से नीचे उतारा गया और पार्सल विभाग के अधिकारी माल को सीज कर अपने साथ ले गए।
ट्रेन शुकवार की देर रात्रि लगभग डेढ़ बजे मुगलसराय रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 06 पर पहुंची। ट्रेन के पार्सलयान से विदेशी कपड़ों को गैरकानूनी तरीके भेजे जाने की सूचना पर प्लेटफार्म पर वाराणसी मंडल की कस्टम विभाग की टीम ने पार्सल विभाग के अधिकारियों व आरपीएफ की मौजूदगी में ट्रेन के इंजन के ठीक पीछे लगे पार्सलयान की सील खुलवाकर जांच पड़ताल की। इस दौरान कस्टम विभाग की टीम को विदेशी कपड़ों के 20 बंडल बरामद हुए। जिनकी पुष्टि होने के बाद टीम ने विदेशी कपड़ों के सभी बंडलों को नीचे उतार लिया। पार्सल विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यवाही करते हुए कस्टम विभाग की टीम ने बंडलों को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में सीनियर डीसीएम आशीष कुमार झा ने बताया कि उक्त ट्रेन के पार्सलयान में विदेशी कपड़ों के होने की सूचना कस्टम विभाग को प्राप्त हुई थी। जिस पर कार्यवाही करते हुए ट्रेन के एसएलआर कोच की जांच की गई। इसमें बरामद विदेशी कपड़ों को कस्टम विभाग के अधिकारी जब्त कर अपने साथ ले गये।