मुगलसराय। नगर स्थित लाट नंबर दो हनुमानपुर निवासी संजय के घर में शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे पेयजल पाइप से जल भरने के दौरान संपोला निकलने से घर में सनसनी मच गई। इसकी जानकारी जैसे ही मोहल्लेवासियों को हुई तो उन्होंने जलनिगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
नगर के लाट नंबर दो हनुमानपुर में शुक्रवार की सुबह संजय के घर में लगे पाइप से सपोला निकलने की खबर सुन आसपास के लोग जुट गए। कई ने इसे संपोला बताया। इससे नाराज लोगों ने जलनिगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना रहा कि जलनिगम की टंकी की साफ-सफाई पर विभाग कभी भी ध्यान नहीं देता है। इससे पहले भी छोटे-छोटे कीड़े निकलते रहे, लेकिन लोगों ने ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को पानी भरते समय धार से निकले संपोले ने बाल्टी में गिरते पानी में ही तेजी से चलना आरंभ किया तो लोग सन्न रह गए। प्रदर्शन करने वालों में रीना देवी, धर्मशीला देवी, अनीता देवी, रीना शर्मा, सरस्वती देवी, धनवंतरि देवी, संजय आदि शामिल रहे। इस संबंध में जलनिगम के अवर अभियंता गौरीशंकर सिंह कुशवाहा ने बताया कि इस जीव का अंग्रेजी नाम सिफ्सो सोमियासिस या हुमा वार्म है। जिसे क्लोरीन से समाप्त नहीं किया सकता। यह जीव पुरानी पाइपों के डैमेज रिपेयर के दौरान पाइप में प्रवेश कर गया होगा जो घर की पाइप में निकला।
क्या कहते हैं चिकित्सक
इस संबंध में लोको चिकित्सालय के चिकित्सक डा. सीएस झा ने बताया कि बरसात के दिनों में डैमेज पाइप लाइन के सहारे कीड़ो का आना अब सामान्य सी बात हो गई है। जल निगम को चाहिए कि पुरानी और खराब हो चुकी पाइपों को बदलकर तत्काल नई पाइपें डाले ताकि जनता को स्वच्छ पेयजल मिल सके। सुझाव दिया कि लोग पानी को सदैव फिल्टर करके पियें। अगर पानी में कीड़ा दिखाई दे तो उसे कदापि पीने के लिए प्रयोग न करें। जल का क्लोरोनाइजेशन करके ही इस्तेमाल करें ताकि बीमारियों से बच सकें।