मुगलसराय। बीकानेर से कोलकाता जा रही बीकानेर एक्सप्रेस के दो एसी कोचों में गुरुवार की रात 18 यात्रियों के चोरों ने लगभग दस लाख रुपये कीमत के सामान नकदी पार कर दिए। चोरी का पता टुंडला स्टेशन से गाड़ी के चलने के बाद चला। कोच बी-2 और बी-3 में हुई भीषण चोरी पर जयपुर से आ रहे यात्रियों ने मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। जीआरपी ने यात्रियों की रिपोर्ट दर्ज की। इस दौरान बीकानेर एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक पर डेढ़ घंटे तक खड़ी रही।
मुगलसराय स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह लगभग सवा नौ बजे प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची डाउन बीकानेर एक्सप्रेस के वातानुकूलित कोच के 18 यात्रियों ने लगेज नकदी चोरी होने पर हंगामा मचाने लगे। नाराज यात्रियों ने उप स्टेशन अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। यात्रियों का आरोप था कि कोच अटेंडेंट की लापरवाही के कारण सामान चोरी हुए हैं। कुछ यात्रियों ने कोच अटेंडेंट की जमकर धुनाई भी कर दी।
बी थ्री कोच में जयपुर से धनबाद जा रहे अजय कुमार अग्रवाल, टाटानगर जा रही रितिका अग्रवाल, बी टू में टाटानगर जा रहे विमल रिंगसिया, बी थ्री में बैठी पूनम, टाटानगर जा रही सीमा ने बताया कि टुंडला से ट्रेन चली तो सब कुछ ठीक ठाक था। देर रात लगभग तीन बजे के करीब सामान गायब होने की जानकारी मिली। ट्रेन के इलाहाबाद पहुंचने पर उन लोगों ने रिपोर्ट करानी चाही लेकिन ट्रेन खुल गई। कोच अटेेंडेंट से पूछताछ की गई तो वह उलझ गया। जब ट्रेन मुगलसराय स्टेशन पहुंची तो डिप्टी एसएस के पास शिकायत दर्ज करानी चाही। पर उन्होंने टाल मटोल की। इसके बाद डिप्टी एसएस कार्यालय के समीप ही हंगामा मचाने लगे। इस दौरान यात्रियों और जीआरपी जवानों में तीखी झड़प भी हुई। हालांकि डिप्टी एसएस कार्यालय में ही जीआरपी ने यात्रियों की तहरीर दर्ज की। पीड़ित यात्रियों के अनुसार दोनों एसी कोच से 18 यात्रियों के सामान चोरी गए हैं। जिसमें आभूषण, मोबाइल, कीमती कपड़े, घरेलू सामान आदि शामिल रहे।
इनसेट
‘तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उच्चाधिकारियाें को भी इससे अवगत करा दिया गया है। मामला संबंधित थाने को रेफर कर दिया गया है।’-रतन सिंह यादव, इंस्पेक्टर जीआरपी मुगलसराय।
इनसेट
‘यात्रियों के साथ हुई घटना की जानकारी हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। किसी भी हाल में दोषी बख्शे नहीं जाएंगे। जांच में अगर कोई रेलकर्मी दोषी मिला तो उसे भी सजा दी जाएगी।’- विद्याभूषण, डीआरएम मुगलसराय।
दो मंदिरों का ताला तोड़कर चोरी
घटना को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा
बबुरी। स्थानीय थाना क्षेत्र के बजहां गांव में गुरुवार की रात शंकर जी व हनुमान जी मंदिरों का ताला तोड़कर चोर घंटा और चांदी के नाग सहित अन्य सामानों पर हाथ फेर दिया। शुक्रवार की सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर दोनों मंदिरों पर ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई।
बजहां गांव के उत्तर तरफ तालाब पर शिव मंदिर तथा पूरब दिशा में हनुमान जी का प्राचीन मंदिर है। नित्य की भांति रात को दोनों मंदिरों के पुजारी पूजापाठ और आरती करने के बाद घर चले गए। शुक्रवार की सुबह पूजन-अर्चन को मंदिर पर पहुंचे तो पुजारियों ने मंदिर का ताला टूटा और घंटा-घड़ियाल सहित शिव मंदिर से चांदी का नाग गायब देखा। पुजारियों ने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। जो मौके पर पहुंच गए और मामले से पुलिस को अवगत कराया। एक सप्ताह पूर्व चोरों ने बजहा गांव निवासी झन्ना गोंड के मकान घुसकर हजारों रुपये मूल्य के सामानों पर हाथ साफ कर दिया था। गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अशोक सिंह का कहना था कि मामला संज्ञान में है और जल्द ही इसका पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
इनसेट
ट्रक से बैट्री व डीजल चोरी
धीना। थाना क्षेत्र के खझरा गांव निवासी कृष्णचंद्र मिश्र ‘डब्लू’ के दरवाजे पर खड़े नए ट्रक की बैट्री और टंकी से डीजल गुरुवार की देर रात चोर चुरा ले गए। शुक्रवार की सुबह पीड़ित ट्रक स्वामी ने घटना की जानकारी धीना थाने को दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की। खझरा गांव निवासी कृष्णचंद्र मिश्र ‘डब्लू’ ने बुधवार को नया ट्रक खरीदा था। देर रात चोरों ने नए ट्रक की बैट्री और टंकी का नट बोल्ट खोलकर भारी मात्रा में डीजल चुरा लिया। शुक्रवार की सुबह इस चोरी का पता चला। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई।