दुलहीपुर। पूर्वांचल केे किसानों की धान की फसलें किसी भी कीमत पर सूखने नहीं पाए इसके लिए प्रदेश सरकार गंभीर है। शासन ने पावर कारपोरेशन के निदेशक केपी मिश्रा को पूर्चांचल के सभी जले पड़े ट्रांसफार्मराें को पंद्रह दिन के अंदर बदलवाने का निर्देश दिया है। साथ ही चेताया है कि यदि किसानों की फसल नष्ट हुई तो इसके लिए सीधे तौर पर विद्युत निगम के अधिकारी जिम्मेदार होगें।
गुरुवार को अमर उजाला सेे विशेष बातचीत के दौरान यह जानकारी एक्सईएन रत्नेश कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि जनपद चंदौली में जो छोटे-छोटे ट्रांसफार्मर जले हुए हैं उसे तत्काल दुरुस्त करने के लिए सभी अभियंताओं को निर्देशित किया गया है। बताया कि पावर कारपोरेशन के निदेशक एपी मिश्रा का यह सख्त निर्देश है कि पंद्रह दिन के अंदर जले हुए सभी ट्रांसफार्मरों को हरहाल में दुरुस्त कर दिया जाए। इसके लिए यदि जरुरत पड़े तो विभागीय मैकेनिकों के अलावा निजी मैकेनिकों की भी सेवायें लेने से तनिक भी गुरेज नहीं बरता जाना चाहिए। श्री कुमार ने बताया कि इसी सिलसिले में आठ सितंबर की शाम पावर कारपोरेशन के निदेशक ने पूर्वांचल के सभी मुख्य अभियंताओं के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शासन की मंशा से सभी को अवगत कराते हुए इस मामले में तत्काल कदम उठाने का अभियंताओं को निर्देश दिया। साथ ही चेताया कि यदि बिजली के अभाव में किसानों की फसलें सूखी तो इसके लिए निगम के अधिकारी पूरी तरह जिम्मेदार होंगे। बता दें कि हर वर्ष खरीफ सीजन में रेड़ा के ऐन वक्त पर बिजली के अभाव में पानी नहीं मिलने से अधिकांश धान की फसलें सूख जाती हैं जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ती है। इसे देखते हुए इस दफा शासन की ओर से समय के पूर्व ही इस मामले में सख्त कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग एक सौ से अधिक ट्रांसफार्मर फुंके हुए हैं। जिसे एक पखवाडे़ के अंदर ठीक करा दिया जाएगा।