नौगढ़। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के दलित बस्ती देउरा में लगे फलदार वृक्षों को काटने के विवाद में सोमवार की सुबह जायका अध्यक्ष व कर्मियों और दलितों के बीच जमकर लाठियां चलीं, जिसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जायका के लोग पौधरोपण के लिए वह जमीन खाली कराने आए थे।
देउरा दलित बस्ती मझगाईं रेंज के भैसौड़ा कंपार्टमेंट 13 में आरक्षित है। जिसमें वनाधिकारी मझगांईं त्रिपुरारी मिश्रा ने अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से उसको खाली कराकर पौधरोपण कराए जाने का निर्देश जायका के ठठवां अध्यक्ष मोती सिंह को दिया था। प्रस्तावित स्थल पर जायका अध्यक्ष ने बिना नोटिस दिए फलदार वृक्षों को कटवाना शुरू कर दिया। जिसका जबरदस्त विरोध वर्षों से रह रहे दलितों ने किया। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें प्रेमनाथ (26), रामप्रसाद (25), रामअचल (23), मुठिया (53), टिलरी (65), अनीता (26), बिगेरा (19), संतरा (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच लोगों की स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सकों ने चकिया के लिए रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष चकरघट्टा अनिल कुमार ने बताया कि दलित बस्ती में मारपीट होने की जानकारी मिली है, किंतु अभी तक पीड़ितों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।