पीडीडीयू नगर। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर खड़ी उपासना एक्सप्रेस ट्रेन से पांच बैग में लावारिश हाल में पड़े 99 जिंदा कछुए बरामद किए। इस दौरान तस्कर का पता नहीं चला। जीआरपी ने कछुओं को बरामद कर वन विभाग के टीम के हवाले कर दिया।
जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि सावन में रेलवे स्टेशन पर लगातार गश्त की जा रही है। बृहस्पतिवार देर शाम देहरादून से हावड़ा जा रही डाउन 12328 उपासना एक्सप्रेस पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर पहुंची। जब ट्रेन के जनरल कोच में जांच टीम पहुंची तो यहां एक सीट के नीचे पांच बैग लावारिश पड़े थे। इसके बार में कोई यात्री कुछ भी बताने से मना किया। शक होने पर बैग की तलाश ली गई तो उसमें 99 कछुए थे। इसे कहां ले जाया जा रहा था। पता नहीं चला। जीआरपी ने सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। वन विभाग के अधिकारियों के पहुंचने पर शुक्रवार को कछुआ हवाले कर दिया गया। जीआरपी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अनुमान है कि कछुओं को देहरादून से बंगाल ले जाया जा रहा हाेगा। चेकिंग देखकर तस्कर कछुओं से भरा बैग छोड़ कर भाग गए होंगे।