पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में होने वाले मतदान के लिए धानापुर और
चहनियां ब्लाक मुख्यालयों पर नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हुई।
पहले
दिन दोनों ब्लाकों में प्रधान पद के लिए कुल 979 प्रत्याशियों ने नामांकन
किया। इसके लिए न्याय पंचायत वार टेबल लगाए गए थे। यहां जुलूस की शक्ल में
पहुंचे प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
धानापुर विकास खंड में सुबह आठ
बजे से गहमागहमी के बीच 84 ग्राम सभाओं के प्रधान और 1062 सदस्य पद के लिए
नामांकन की प्रक्रिया शुरू हुई। नामांकन के लिए न्याय पंचायत वार 13 काउंटर
बनाए गए थे।
यहां शाम चार बजे तक प्रधान पद के लिए कुल 465 प्रत्याशियों
ने नामांकन किया। इसमें आरक्षित सीटों के लिए 320 और अनारक्षित सीटों पर
145 ने नामांकन किया।
इसी तरह यहां 1062 सदस्य पदों के लिए 552 ने नामांकन
किया। ब्लाक परिसर में प्रत्याशियों संग सिर्फ प्रस्तावक को ही जाने की
अनुमति थी। बाकी समर्थकों को नामांकन स्थल से दूर ही रखा गया।
भीड को
नियंत्रित करने मे पुलिस कर्मियों को मशक्कत करनी पडी। खंड विकास अधिकारी
सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि प्रशासन एवं विभागीय कर्मचारियो के सहयोग
से प्रथम दिन का नामांकन सुचारु रूप से हुआ।
चहनियां संवाददाता के
अनुसार ब्लाक परिसर में 91 ग्राम सभा के प्रधान पद और 1125 सदस्य पद के लिए
सुबह आठ बजे से नामांकन शुरू हुआ।
पहले दिन प्रधान पद के लिए 514
प्रत्याशियों जबकि सदस्य पद के लिए 491 प्रत्याशियों ने नामांकन किया।
नामांकन के लिए न्याय पंचायत वार कुल 12 काउंटर बनाए गए थे। आरओ योगेन्द्र
पाठक और बीडीओ आनंद प्रकाश ने बताया कि शनिवार को भी नामांकन होगा।