पीडीडीयू नगर। रेलवे को सुधारने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। रेलवे स्टेशन का नक्शा बदलने की तैयारी पूरी हो चुुकी है। दूसरी तरफ अधिकारियों की लापरवाही की वजह से स्टेशन के प्लेटफार्मों का रख रखाव तक ठीक से नहीं हो रहा है। स्थिति यह है कि प्लेटफार्म मरम्मत के अभाव में टूट फूट गए हैं। प्लेटफार्म संख्या चार पर तो बारिश होते ही गड्ढों में जलभराव की स्थिति हो जा रही है।
हावड़ा दिल्ली रूट पर अतिव्यस्त पीडीडीयू रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन तीन सौ ट्रेनों का आवागमन होता है। वहीं 15 से बीस हजार यात्री ट्रेनों पर सवार होते हैं और उतरते हैं। यहां यात्री सुविधाओं की बढ़ोत्तरी के तहत स्वचालित सीढी और लिफ्ट बनाया जा रहा है। वहीं साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पिछले दिनों प्लेटफार्म संख्या चार पांच के सौंदर्यीकरण की शुरूआत की गई लेकिन काम पूरा नहीं हुआ। यही कारण है कि स्टेशन पर जगह जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। वहीं प्लेटफार्म संख्या चार पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। गड्ढों की वजह से यात्री आए दिन गिर कर चोटिल होते हैं। वहीं हल्की बारिश के बाद भी गड्ढों में पानी भर गया है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है।