पीडीडीयू नगर। नगर के कैलाशपुरी स्थित बाल शिशु गृह का एडीएम बच्चालाल, एएसपी देवेन्द्रनाथ, जिला प्रोबेशन अधिकारी इंद्रावती यादव और समाज कल्याण अधिकारी आरके यादव ने शुक्रवार को दोपहर एक बजे निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका, पोषाहार, तौल मशीन आदि को देखा। इस दौरान बाल शिशु गृह के बाहरी इलाके में गंदगी पर नाराजगी जताई।
प्रदेश के विभिन्न जिलों में शिशु और बालिका गृह में तमाम गड़बड़ी की शिकायतों के मद्देनजर शासन के निर्देश पर शुक्रवार को अधिकारियों की टीम दोपहर एक बजे कैलाशपुरी स्थित बाल शिशु गृह पहुंची। अधिकारियों के पहुंचते ही मौके पर हड़कंप मच गया। इस दौरान अधिकारियों ने बच्चों के रहने के स्थान, बिस्तर, खाद्यान्न, तौल मशीन, परिसर में साफ-सफाई आदि को बारीकी से देखा। इस दौरान सब कुछ ओके मिला। अधिकारियों ने शिशु गृह के बाहरी परिसर में गंदगी को देख कर साफ सफाई कराने का निर्देश दिया। उन्होंने शिशु गृह के सौंदर्यीकरण और मुख्य गेट को भव्य बनाने का निर्देश दिया। एडीएम ने कहा कि शासन के निर्देश पर बाल शिशु गृहों की समय समय पर जांच चलती रहेगी। शिशु गृह संचालक अरविंद ने अधिकारियों के सामने कागज प्रस्तुत किया। इस मौके पर भाजपा नेता चंद्रकात उर्फ डब्बा तिवारी भी रहे।