पीडीडीयू नगर। सावन के आखिर में हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। भीषण गर्मी और उमस से लोगों को निजात मिल गई। किसानों के चेहरे खिल गए। मगर बारिश ने सड़कों और गलियों में निकलना दुश्वार कर दिया। कीचड़ और फैले कूड़े से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। निचले इलाकों में हुए जलभराव से दिक्कत हो रही है।
शनिवार की रात और रविवार को हुई बारिश से चारो ओर पानी भर गया। रोडवेज के समीप जीटीआर ब्रिज के पास सड़क तक कूड़ा और कचरा फैल गया। बारिश में बदबू से लोग परेशान रहे। वहीं परशुरामपुर, अलीनगर, मानस नगर कालोनी, गिधौली, लखमीपुर, प्लांट डिपो सहित रेलवे की अधिकतर कालोनियों में सड़कों पर पानी भर गया। उफनाते नाले से काफी मुसीबत उठानी पड़ी। गल्ला मंडी, एलबीएस कटरे, कसाब महाल, काली महाल, चतुर्भजपुर में कीचड़ फैल गया। लोगों का आना-जाना कठिन हो गया।