सकलडीहा। विकासखंड के धरहरा गांव में बिना बिजली आपूर्ति किए ही बिल भेजने पर शनिवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित पुरुष और महिलाएं हाथ में बिजली मीटर लेकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ बिजली मीटर को हाथों में लेकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने कहा कि सोमवार को विभागीय अधिकारी और ठेकेेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा कोतवाली में दर्ज कराएंगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक साल पूर्व प्रधानमंत्री सौभाग्य योजना का लाभार्थी बनाकर कुल 145 लोगों को कनेक्शन दे दिया गया, घरों में मीटर लगा दिए गए और पोल से केबिल लगा दी गई। लेकिन आपूर्ति ही नहीं चालू की गई। बिना बिजली दिए ही मनमाने तरीके से मीटर रीडिंग की बिल भेज दिया गया। बिजली बिल को लेकर चिंतित महिलाओं ने इलेक्ट्रानिक मीटर, केबिल और भेजी गई बिल के साथ शनिवार को विरोध जताया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से लापरवाही व ग्रामीणों के साथ की गई धोखाधड़ी की जांच कराए जाने की मांग की। चेताया कि ग्रामीण सोमवार को अधिशासी अभियंता और जेई व ठेकेदार के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराएंगे। इस दौरान ग्राम प्रधान सुनील कन्नौजिया, सुगवंती, उर्मिला, सुनीता, प्रेमा, राधिका, दानी, मनोज, शांति, राजाराम मौजूद रहे। अधिशासी अभियंता रामपाल ने कहा कि बिल कैसे पहुंच गई। इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही गांव में जल्द ही आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।