पीडीडीयू नगर। लोगों के रुपयों को दोगुुना करने के नाम चालीस लाख रुपये लेकर पड़ाव क्षेत्र से फरार एक फर्जी कंपनी के संचालक को गिरफ्तार किए जाने की मांग के साथ तीस से चालीस की संख्याए में महिलाएं व पुरूष शनिवार को कोतवाली पहुंचे। जहां सभी ने पुलिस से गुहार लगाई कि आरोपी को पकड़कर उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाई जाए।
लोगों ने बताया कि 29 अक्टूबर 2011 को बांदा क्षेत्र निवासी ने पड़ाव क्षेत्र में एक कंपनी खोलकर लोगों रुपये दोगुना करने का झांसा दिया था। क्षेत्र के लोग झांसे में आ जाए इसके लिए डेढ़ साल में डेढ़ गुना रुपये देने की स्कीम चलाई। लोगों से खाता खुलवाने के लिए कुछ क्षेत्रीय महिलओं को ऐजेंट बनाया। इसके बाद कुछ समय तक सबकुछ ठीकठाक चला। लोगों को समय से रुपये भी डेढ़ गुना करके वापस लौटा दिए गए। इसके चलते क्षेत्र में धीरे-धीरे लोगों का इस बैंक पर भरोसा हो गया। लगभग चार माह पूर्व बैंक संचालक लोगों के चालीस लाख रुपये लेकर फरार हो गया। इसकी खबर जब लोगों को लगी तो उनके होश उड़ गए। लोगों का कहना रहा कि किसी प्रकार रुपये जोड़कर बैंक में जमा कराए थे। शनिवार को चालीस की संख्या में महिलाएं व पुरूष कोतवाली पहुंचे और बैंक संचालक को पकड़कर रुपये दिलवाए जाने की गुहार पुलिस से लगाई। लोगों ने बताया कि चार दिन पहले एक संचालक के एक करीबी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इस संबंध में सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि लोगों की तहरीर पर कुछ दिनों पूर्व मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की छानबीन की जा रही है।