चंदौली। केंद्र सरकार दिव्यांगों के इलाज के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान अब एक छत के नीचे कराएगी। इसके लिए जिला अस्पताल में अलग से वार्ड बनेगा जहां चार चिकित्सकों की तैनाती की जा जाएगी। वहीं आधा दर्जन से अधिक कर्मचारियों को भी लगाया जाएगा। इसकी कार्ययोजना बनाने की जिम्मेदारी दिव्यांग विभाग को दी गई है।
दिव्यांगों के इलाज के लिए अलग से वार्ड बनाकर उसमें उनके लिए ओपीडी से लेकर आपरेशन तक की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इस पर एक करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी है। इनका इलाज करने वाले चिकित्सकों को भी वहीं रहने की व्यवस्था की जाएगी। दिव्यांग मरीजों को दवाओं की व्यवस्था केंद्र सरकार करेगी। जिला दिव्यांग अधिकारी रविंद्र कुमार यादव ने बताया कि अब दिव्यांगों के हर एक समस्या का सामधान एक ही छत के नीचे होगा। इसमें उनके इजाल से लेकर सरकार के द्वारा चलाई गई सभी योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने चार चिकित्सकों सहित कुल दस कर्मचारियों की एक टीम नियुक्त करने की योजना बनाई है। इसके लिए जिले भर के दिव्यांगों को चिह्नित करने का काम तेज हो गया है। चिह्नित करने के बाद उनके लिए अलग से इलाज की व्यवस्था की जाएगी। इस पर एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।