चंदौली। शनिवार के दिन सदर विकास खंड में उस समय अफरातफरी का माहौल हो गया। जब एक बीडीसी सदस्य ने अपने पद से इस्तीफा सदर बीडीओ विजय प्रताप को सौंप दिया। जिसे बीडीओ ने अपर आयुक्त मनरेगा को सौंप दिया। पिछले दिनों यहां के ब्लाक प्रमुख भगवानदासी देवी का निधन हार्ट अटैक के कारण हो गया था। जिसके बाद से ब्लाक प्रमुख का पद खाली चल रहा है। रिक्त पद पर चुनाव कराने के लिए जिला प्रशासन चुनाव आयोग को भेजा है। जहां से तिथि की घोषणा होने के बाद चुनाव कराया जाना है। चुनाव होने से पूर्व इन सदस्यों में फूट न होने पाये इसके लिए ब्लाक प्रमुख का खेमा पूरी मुस्तैदी के साथ लगा हुआ है कि उनके गढ़ में कोई सेंधमारी न कर दे। इसी बीच क्षेत्र पंचायत सदस्य 71 नीरज सिंह ग्राम सभा धरौली ने बीडीसी पद से इस्तीफा बीडीओे को सौंप दिया। इसकी जानकारी होने के बाद नीरज के घर शुभचिंतकों का तांता लग गया। हर कोई इसके पीछे के कारण को जानने की कोशिश में लग गया। उन्होंने पारिवारिक बोझ के कारण ऐसा करने की बात स्वीकार किया। इस पर लोगों ने काफी समझाया बुझाया तब जाकर उसे अपने गलती का एहसास हुआ। सोमवार को शपथ पत्र के साथ डीसी मनरेगा के यहां पहुंच कर भूलवश इस्तीफा देने की बात स्वीकार किया। जिसके बाद डीसी मनरेगा ने इस्तीफा नामंजूर कर लिया।