मुगलसराय। सकलडीहा विकासखंड के डायरिया पीड़ित गांवों में बुधवार को स्थिति सामान्य रही। हालांकि पीड़ितों के परिवार समेत गांवों में अभी भी दहशत है। विसुंधरी और मधुबन में गंदगी और प्रदूषित जल पीने से लोगों की बीमारी की बात चिकित्सकों ने बताई तो रेवसां तकिया में गंदगी की वजह से बीमारी की फैलने की आशंका जाहिर की। हालांकि विसुंधरी और मधुबन के वनवासियों ने बताया कि बीते 24 से 27 जुलाई तक यहां चिकित्सकों की टीम लगातार लगी रही जिससे स्थिति नियंत्रण में हो गई थी लेकिन उसके बाद पूछने के लिए स्वास्थ्य महकमे के लोग आए जरूर लेकिन दवाइयों का वितरण नहीं किया जिससे डायरिया से पीड़ित हो प्रभावती ने मंगलवार को दम तोड़ दिया था। सीएचसी सकलडीहा के प्रभारी डा. आरबी शरण ने बताया कि विसुंधरी और मधुबन में चिकित्सकीय टीम लगी हुई है। बताया कि रेवसां तकिया में भी बुधवार को टीम के सदस्यों ने निरीक्षण किया था। गांव में स्थिति नियंत्रण में उपचार चल रहा है। इलाज करा रहे सभी पीड़ितों के स्वास्थ्य में सुधार है।