चकिया। कोतवाली क्षेत्र के चकिया नौगढ मार्ग पर जलेबिया मोड़ के पास शुक्रवार की देर शाम अपनी कार से राजदरी घूमकर आ रहे तीन पर्यटको को मोटर साईकिल सवार अज्ञात युवको ने डंडे व पत्थर से मारपीट का घायल कर दिया तथा कार शीशा भी तोड़ डाला। घायलो को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घायलो ने कोतवाली में घटना की लिखित तहरीर दी हैं।
वाराणसी के मछोदरी निवासी संजय अपने दोस्त समीर खान के साथ सपरिवार राजदरी पर्यटक स्थल पर इनोवा कार से शुक्रवार को घूमने आये थे। इस दौरान संजय तथा कुछ युवको के साथ वाद विवाद हुआ था। जिससे दोनो पक्ष हाथापाई पर उतर आये। शोर शराबा सुनकर पहुंचे कैंटीन के कर्मचारियों ने दोनो पक्षो को समझा बुझाकर हटा दिया तथा वनकर्मियों से कहकर युवको को परिसर से बाहर करा दिया। शाम को लौटते समय जब पर्यटको की गाड़ी जलेबिया मोड़ के पास पहुंची तो युवको की टोली ने कार पर हमला कर दिया। लाठी डंडे से लैस युवको ने पत्थर मारकर वाहन के पीछे का शीशा छातिग्रस्त कर दिया तथा संजय(34), समीर(30) और पल्लवी(16) की जमकर पिटाई कर दी। मौके पर जुटे लोगों ने घायलो को चकिया संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। पर्यटको की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात युवको के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया है।