कंदवा। यूपी-बिहार की सीमा पर देवल में कर्मनाशा नदी में बने पुल से होकर बिहार से ओवरलोड बालू लदे ट्रकों का सैयदराजा में आना लगातार बना हुआ है। इससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व की हानि हो रही है और सड़क भी क्षतिग्रस्त हो रही है। बावजूद इसके खनन और परिवहन विभाग मौन है। लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए ओवरलोड बालू लदे ट्रकों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की है।
इन दिनों सैयदराजा-जमानिया एनएच दो पर पहले सैयदराजा की ओर से ओवरलोड बालू लदे ट्रक जमानिया की ओर जाते थे लेकिन जब से वीर अब्दुल हमीद सेतु की बेयरिंग गड़बड़ हुई है, बालू लदे ट्रक बिहार से दिलदारनगर, जमानिया होकर सैयदराजा की आ रहे हैं। इससे सरकार को प्रति ट्रक लगभग सात हजार रुपये राजस्व का घाटा हो रहा है। लगभग 200 ओवरलोड बालू लदे ट्रकों के आना-जाना है। मार्ग बदलने से सरकार के राजस्व का नुकसान भी हो रहा है। लेकिन टैक्स बचाने के लिए ट्रक मालिकों ने यह रास्ता निकाला है। वहीं इन ट्रकों के गुजरने से सैयदराजा-जमानिया मार्ग क्षतिग्रस्त होता जा रहा है। इसे लेकर लोगों में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है।