चकिया। आदित्य नारायण राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में रविवार को प्रेस इंफार्मेशन ब्यूरो की ओर से वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों ने 70 ग्रामीण पत्रकारों से केंद्र सरकार के लागू कार्यक्रमों के बारे में संवाद कर फीडबैक लिया। वार्तालाप कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक शारदा प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सारी योजनाएं मातृत्व शक्ति को बढावा देने वाली है। इससे यह फायदा हुआ है कि महिला सशक्तीकरण के साथ-साथ योजनाओं का लाभ सभी लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। वहीं धरातल पर लोक कल्याणकारी योजनाओं का फायदा दिखने के कारण देश आज तेजी से विकास की तरफ बढ रहा है। सीडीओ अभय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जिले में चल हरी विभिन्न योजनाओं के तहत हुए कार्यों पर प्रकाश डाला और उनके मिलने वाले लाभ के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। डीएफओ मनोज खरे ने वन विभाग की ओर से किए गए कार्यों और ग्रामीण क्षेत्र में दिए गए रोजगार पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट मुकेश कुमार तिवारी ने पुलिसिंग के अलावा ग्रामीण क्षेत्र के विकास में अर्द्ध सैनिक बल द्वारा किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला। पत्र सूचना कार्यालय लखनऊ के अपर महानिदेशक अरिमर्दन सिंह ने कहा कि यह वार्तालाप कार्यक्रम दो तरफा संवाद का माध्यम है। कार्यशाला से प्राप्त फीडबैक को विभिन्न मंत्रालयों में भेजा जाएगा ताकि आगे जनता के लिए और बेहतर योजना बनायी जा सके। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अनिल यादव, राजीव गुप्ता, श्वेता सिद्धिदात्री, सूर्यकांत त्रिपाठी, डॉ. लालजी, प्रशांत कक्कड़, डॉ. संतोष, आशीष, प्रदीप कुमार वर्मा, अविनाश, मनोज त्रिपाठी, सतेंद्र कुमार, शिवकुमार झा, श्रीराम प्रजापति ने विचार व्यक्त किए।