सकलडीहा। क्षेत्र के अमावल गांव स्थित परिषदीय विद्यालय में सूचना के बाद भी टूटे शौचालय का मरम्मत न किए जाने से आक्रोशित शिक्षकों व छात्रों ने बुधवार को विद्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही शौचालय का मरम्मत कराए जाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
आरोप लगाया कि पूर्व और प्राथमिक विद्यालयों का शौचालय बीते कई माह से टूटा पड़ा है। शौचालय के पीछे गहरे गड्ढ़े हो गए हैं। छात्र -छात्राओं के लिए शौच की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। यहां तक कि शिक्षकों और अध्यापिकाओं के लिये भी व्यवस्था नहीं है। कई बार शिकायत के बाद भी पंचायत विभाग के अधिकारी मौन है। क्षुब्ध शिक्षक और छात्रों ने शौचालय मरम्मत की मांग को लेकर शिकायत किए जाने के बाद भी उच्चाधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने शीघ्र शौचालयों का मरम्मत कराने की मांग की है।
प्रधानाध्यापक गिरीश श्रीवास्तव व मनोज यादव ने बताया कि शौचालय मरम्मत न होने पर दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी केके सिंह ने बताया कि 19 जुलाई को शौचालय निमार्ण के लिए बीडीओ को पत्र लिखा गया था लेकिन उन्होंने ध्यान नहीं दिया।