चकिया। उपजिलाधिकारी आवास परिसर में लतीफशाह के मेले तथा भगवान श्रीकृष्ण के बरही के अवसर पर नगर पंचायत की ओर से आयोजित कजरी महोत्सव का समापन शनिवार को आधी रात में डीएम और एसपी की मौजूदगी में हुआ। कजरी महोत्सव में मंगला चौहान ने 50 प्रतिभागियों में पहला स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में डीएम नवनीत सिंह चहल ने कहा कि क्षेत्रीय सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ाने की जरूरत है।
जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की संस्कृति वहां के नागरिकों के लिए हमेशा से प्रेरणास्रोत रही है। संस्कृति को संरक्षित करने के लिए सांस्कृतिक आयोजन किए जाते हैं। इन आयोजनों को संरक्षित एवं संवर्धित करने की जिम्मेदारी क्षेत्रीय प्रबुद्धजनों की है। उन्होंने कजरी महोत्सव के आयोजन को संरक्षित करने के लिए नगर पंचायत की सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि जनपद के दक्षिणी हिस्से में स्थित चकिया की सांस्कृतिक विरासत श्रेष्ठ है। पर्वतीय वन क्षेत्र के कारण इस क्षेत्र में गायन-वादन के साथ ही कलां एवं संस्कृति के अन्य विशेषज्ञ कलाकारों की भरमार है। इसके पूर्व दोनों अधिकारियों का स्वागत किया गया। दोनों अधिकारियों ने ढाई घंटे तक प्रतियोगितात्मक कजरी का आनंद उठाया। इस दौरान जागरण झांकी ग्रुप की ओर से प्रस्तुत राधा-कृष्ण की होली तथा माखन चोरी झांकी की अधिकारियों ने सराहना की। इस अवसर पर मुगलसराय के एसडीएम आनंदवर्धन, नगर पंचायत चंदौली के अध्यक्ष रविन्द्र गोड़, स्वच्छता अभियान के प्रेरक सुनील, सुधाकर कुशवाहा, आलोक जायसवाल, सुजीत जायसवाल, सतीश पटेल, बद्री केशरी, संतोष श्रीवास्तव, प्रधान बब्बन यादव, राजकुमार मौर्या, मदन प्रसाद गुप्ता, राजनाथ यादव, एकरामुल हक, गुलाब मौर्या, राकेश रोशन, रोहित विश्वकर्मा, प्रकाश विश्वकर्मा, विष्णु जायसवाल, कमलेश गुप्ता, अनिल मद्धेशिया, रामनारायन पटवा, रामसेवक मौजूद रहे।
इनसेट-
कजरी महोत्सव में विजेता हुए पुरस्कृत
चकिया। एसडीएम आवास परिसर में आयोजित कजरी महोत्सव के विजेता गायकों को नगर पंचायत अध्यक्ष तथा सभासदों ने पुरस्कृत किया। कजरी प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में हरिवंश सिंह बवाल, राजेंद्र प्रसाद बावरा, राधाकृष्ण जायसवाल और आशुतोष मिश्र रहे। निर्णायकों के अनुसार निर्धारित 200 अंकों में से 158 अंक प्राप्त कर मंगला सिंह चौहान प्रथम, नौगढ़ के लालू वनवासी 149 अंक प्राप्त कर दूसरे और 136 अंक प्राप्त कर रामजनम भारती तीसरे स्थान पर रहे। श्रेष्ठ गायन का प्रदर्शन करने के लिए श्याम नारायण यादव, अवनीश द्विवेदी, परमहंस यादव, राजकुमार प्रजापति, मंगल मधुकर, भानु प्रताप शर्मा, दीपक चौहान को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। इस दौरान नगर पंचायत चकिया की ओर से अंतर्राष्ट्रीय कराते चैंपियन नीरज गुप्ता को डीएम नवनीत सिंह चहल और एसपी संतोष कुमार सिंह ने अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।