नियामताबाद। विकासखंड के लाखापुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में रविवार को स्वच्छता गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को स्वच्छता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही घरों में शौचालय बनाए जाने के लिए प्रेरित भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम मुगलसराय आनंद वर्धन ने किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें सभी ग्रामीणों का भरपूर सहयोग अपेक्षित है। खुले में शौच करने से कई प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। साथ ही पर्यावरण भी प्रदूषित होता है। कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के लिए सरकार किफायती शौचालय के लिए धनराशि उपलब्ध करा रही है। शौचालयों की प्रौद्योगिकी व लागत के संबंध में लाभार्थी को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। हर लाभार्थी के खाते में शौचालय निर्माण के लिए सरकार की ओर से 12 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। कहा, अगर आंगन में जगह न हो तो घर के नजदीक ही शौचालय का निर्माण कराया जाना चाहिए। बीडीओ राजन राय ने कहा कि खुले में शौच से सबसे अधिक परेशानी लड़कियों व महिलाओं को होती है। इसलिए सभी को घर के पास ही शौचालय निर्माण कराना चाहिए। गोष्ठी के बाद गांव के युवकों व महिलाओं की निगरानी समिति का गठन किया गया। इस मौके पर स्वच्छता मिशन के जिला समन्वयक मनोज सिंह, जिला प्रेरक सुनील, सेक्रेटरी श्रीकांत पांडेय, तूफानी मौजूद रहे।