मुगलसराय। नगर के सुभाष पार्क में लाखों रुपये की लागत से लगे म्यूजिकल फौव्वारा बंद हो चुका है और नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते बदहाल है।
नगर में बच्चों के खेलने-कूदने, बुजुर्गो व महिलाओं के टहलने के लिए पार्क का सुंदरीकरण कराया गया था। वर्ष 2011 में पालिका ने करीब नौ लाख रुपये की लागत से म्यूजिकल फौव्वारा लगवाया था लेकिन देखरेख और मरम्मत के अभाव में यह खराब पड़ा है। इससे वहां घूमने-टहलने वालों में गुस्सा है। रात में पार्क में टहलने आने वाले नगरवासियों को सुविधा दी गई मगर अब फौव्वारा बदहाल है। पालिका की बैठक में इसे चालू करने की योजना तो बनी थी मगर कार्य नहीं हो सका। वर्तमान हालात यह है कि फौव्वारे की मशीन पूरी तरह से खराब हो चुकी है और लोहे की पाइप में जंक लग चुके है। फौव्वारे के चारों तरफ हौद में काई जमी हुई है। वहीं रखरखाव के अभाव में पार्क की स्थिति भी काफी दयनीय हो गई है। नगर पालिका पंडित दीन दयाल उपाध्याय की अधिशासी अधिकारी रोली गुप्ता का कहना है कि फौव्वारे सहित पूरे पार्क का विकास जल्द ही अमृत योजना के तहत कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने और धन जारी होने के बाद दुरुस्त करा दिया जाएगा।