चकिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार की सुबह जिला संयुक्त चिकित्सालय का उपजिलाधिकारी रामसजीवन मौर्य ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी तथा ओपीडी में नौ डॉक्टर अनुपस्थित मिले। उपजिलाधिकारी ने अनुपस्थित चिकित्सकों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी।
ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को प्राथमिक उपचार एवं निशुल्क दवाईयां उपलब्ध कराने के लिए बनाए गए 100 बेड के जिला संयुक्त चिकित्सालय में डॉक्टरों, कर्मचारियों की अनुपस्थिति से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने एसडीएम को अस्पताल का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। डीएम के निर्देश पर एसडीएम सुबह 10 बजे अस्पताल में पहुंचे तो ओपीडी में नौ डॉक्टर अनुपस्थित मिले। इनकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने इमरजेंसी तथा ओपीडी, वार्डों के अलावा पोषण पुर्नवास केंद्र का भी निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डॉ. आरआर यादव, डॉ. अल्का सिंह, डॉ. एसके सिंह, डॉ. अनिल पांडेय, डॉ. एसएल चौबे, डॉ. आरपी सिंह, डॉ. पूनम निगम, डॉ. अभिनव यादव और डॉ. खुश्बू फातिमा अनुपस्थित मिले। बताया कि उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है।