चकिया कोतवाली अंतर्गत गांधीनगर स्थित एक मजार पर मंगलवार की सुबह झाड़-फूंक कराने गई जनकपुर निवासी महिला को सर्प ने डस लिया। इससे महिला की मौत हो गई। इस घटना से नाराज परिवार वाले और ग्रामीणों ने मजार के समीप पहुंच कर खूब हो हल्ला किया। बाद में इलिया चकिया मार्ग पर महिला का शव रख कर चक्काजाम कर दिया। एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को तितर बितर कर जाम समाप्त कराया। इलाके के गांधीनगर में मजार के समीप एक बाबा ने वन विभाग की भूमि पर आश्रम बनाकर झाड़ फूंक करता है। मंगलवार और गुरुवार को आश्रम पर झाड़ फूंक कराने के लिए हजारों लोग पहुंचते हैं। क्षेत्र के जनकपुर गांव निवासी महिला तारा देवी (29) भी बीमारी का इलाज कराने मंगलवार की सुबह आठ बजे पहुंची थी। वह इलाज का इंतजार कर रही थी सर्प ने डस लिया। इससे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर जब गांव व परिवारी जनों को हुई तो वे आग बबूला हो गए। मजार पर पहुंच कर बाबा के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। काफी भीड़ जुटती देख किसी ने चकिया कोतवाली पुलिस को सूचना किया। सूचना मिलते ही काफी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंच गई । मौके पर मौजूद सज्जू , सर्फू, इदरीश और बाबा को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन आंदोलनकारी शांत नहीं हुए। लोग बाबा को उस स्थल से बेदखल करने और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर अड़ गए। पुलिस के काफी समझाने बुझाने के बावजूद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता गया। गांधीनगर गांव के पास चकिया इलिया मार्ग को जाम कर दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। आरोप है कि इसी मजार पर 2 वर्ष पहले भी बरहुआ गांव के महिला की भी मौत हो गई थी। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई और बाबा फिर से झाड़फूंक करने लगा। सुरक्षा की दृष्टि से मजार पर पुलिस की तैनाती की गई है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी चकिया त्रिपुरारी पांडेय ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मृत महिला के पति बिहारी की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, इसमें दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक फरार है। उसकी भी गिरफ्तारी जल्द होगी।