मुगलसराय। बाबा विश्वनाथ की नगरी से सटे पूर्व मध्य रेलवे के सबसे महत्वूपर्ण स्थानीय रेलवे स्टेशन बाबा बैजनाथ को जलाभिषेक के लिए जाने वाले कावंरियों की सुरक्षा इस बार पुख्ता होगी। इसके लिए जीआरपी और आरपीएफ ने कमर कस ली है। जीआरपी ने पीएसी और लोकल पुलिस से सहायता मांगी है। वहीं आरपीएफ भी अन्य पोस्टों से जवानों को मंगाया है।
हावड़ा दिल्ली रूट के सबसे महत्वपूर्ण मुगलसराय रेलवे स्टेशन पर सावन माह में बैजनाथ धामजाने वाले कांवरियों की भीड़ होती है। विभिन्न ट्रेनों से कांवरिये सुल्तानपुर जाते हैं और यहां से जल लेकर बोल बम का जयकारा लगाते हुए 105 किलोमीटर दूर बैजनाथ धाम पहुंच कर जलाभिषेक करते हैं। इसी तरह कुछ लोग जयसीडीह स्टेशन पहुंच कर वहां से बैजनाथ धाम जाते हैं। यही नहीं वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, भदोही सहित अन्य स्थानों से कांवरिए ट्रेन पकड़ने के लिए मुगलसराय पहुंचते हैं। ऐसे में पूरे सावन माह में मुगलसराय रेलवे स्टेशन केशरियामय दिखता है। सावन माह दस जुलाई से शुरू हो रहा है लेकिन सावन के पहले दिन जलाभिषेक के लिए कांवरियों के जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। अतिरिक्त भीड़ की वजह से यहां सुरक्षा व्यवस्था संभालना भी कठिन काम है। इस संबंध में जीआरपी मुगलसराय प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि पीएसी और जिला पुलिस के सहायता मांगी है। बताया कि एक प्लाटून पीएसी, सब इंस्पेक्टर, महिला पुलिस कर्मी की मांग की गई है। आरपीएफ मुगलसराय पोस्ट के इंस्पेक्टर व्यंकटेश कुमार ने बताया कि यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त रमेश चंद्र के निर्देश पर अन्य पोस्टों से जवानों को बुलाया गया है। पटना रूट से जाने वाली ट्रेनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।