नौगढ़। तहसील क्षेत्र के परसिया गांव में एएनएम के ना आने से नाराज महिलाओं और पुरुषों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र पर पहुंचकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र पर एएनएन के नियमित न आने से सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रही है। वहीं किशोरियों और गर्भवती महिलाओं का भी उपचार नहीं हो पा रहा है। कहा कि यहां नियुक्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता एएनएम शीला टीकाकरण के दिन ही आती है जिसके कारण किशोरियों और गर्भवती महिलाओं का सही ढंग से स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किया जा रहा है। गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य जैनुल ने कहा कि कर्मचारियों की लापरवाही से योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं। एएनएम सेंटर पर नियमित टीकाकरण नहीं होता है और ना ही गर्भवती महिलाओं का उपचार हो रहा है यहां दवाई और टीके भी उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में नियुक्त एएनएम का कहना है की कई गांव का अतिरिक्त चार्ज होने से हमें दूसरे के एरिया में भी जाकर टीकाकरण करना पड़ता है रजिस्टर बनाने पड़ते हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ के अधीक्षक अवधेश पटेल ने बताया कि हमारे यहां पूर्ण रूप से स्टाफ नहीं है और इस समस्या को सीएमओ को अवगत कराया जा चुका है। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में कुसुम फूला प्रेमा दौलती बबलू नागेंद्र शंभू शिवनाथ रामदीन अन्य गांव के लोग मौजूद रहे।