नौगढ़/धानापुर। जिले में नौगढ़ और धानापुर में अलग-अलग समय पर अनियंत्रित होकर बोलेरो और मैजिक पेड़ से टकरा गई। इस घटना में दोनों वाहनों पर सवार आठ लोग जख्मी हो गए। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नौगढ़ के घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रामा सेंटर भेज दिया गया।
नौगढ़ कस्बा निवासी शेरू शर्मा (28) ओम प्रकाश शर्मा अपनी बोलेरो से दोस्त पंकज विश्वकर्मा (30) पुत्र अमरजीत, बाबू केशरी (22), कमलेश (21) पुत्र प्रेम, छोटू (22) पुत्र सोमारू के साथ मधुपुर किसी काम से गया था। रात में नौ बजे सभी वापस लौट रहे थे। अभी वे बसौली (मरवटिया) गांव के समीप पहुंचे थे कि सामने नील गाय आ गई। तेज रफ्तार होने की वजह से बोलेरो अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे एक पेड़ से टकरा गई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां चिकित्सक ने सभी को चकिया स्थित जिला संयुक्त अस्पताल भेज दिया। वहां हालत गंभीर होने पर सभी को ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। इसी तरह धानापुर थाना अंतर्गत बौरहवा बाबा कुसुम्ही मार्ग पर कुसुम्ही गांव के समीप बुधवार दिन में 11 बजे अनियंत्रित होकर मैजिक एक प़ेड़ से टकरा गई। इस घटना में चालक शिवशक्ति (18), विशाल (16) और प्रिंस (15) घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी दो भागों में बंट गई। तेज आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।