मुगलसराय। आश्विन मास में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल है। तापमान 33 से 35 के बीच झूल रहा है। इन सबके बीच बिजली भी लोगों को धोखा दे रही है। कभी फाल्ट के नाम पर तो कभी अन्य कारणों से लेकिन जिले में चार से पांच घंटे ही लोगों को बिजली मिल रही है। इससे जनपदवासी पूरी तरह बेहाल है। धरना प्रदर्शन का दौर भी शुरू हो चुका है। लोग प्रदेश सरकार पर आरोप लगाने लगे हैं।
पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो चुकी है। शुक्रवार को साहूपुरी में 220 केबी के सर्किट ब्रेकर की मरम्मत के लिए सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक चंदौली, बिलारीडीह, बबुरी, चहनियां आदि की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोग परेशान रहे। वहीं चंदौली में तार बदलने के कारण तो सैयदराजा में लोकल फाल्ट की वजह से सुबह से ही बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई और लोगों को पानी नहीं मिला। ग्रामीण इलाकों में लोग हैंडपंपों से पानी पीते नजर आए। मुगलसराय में भी तकनीकी कारणों से दिन भर बिजली की आवाजाही लगी रही। शाम चार बजे कटी बिजली सात बजे के बाद आई। इसके पूर्व दिन में भी चार से पांच बार आधे से एक घंटे के लिए बिजली कटी। नियमित बिजली न मिलने से इन्वर्टर भी जवाब दे गए और लोगों को मुश्किलों का सामाना करना पड़ा। इस संबंध में विद्युत वितरण खंड द्वितीय के एक्सईएन धर्मेश कुमार लाल ने बताया कि तकनीकी कारणों से कुछ देर के लिए बिजली गई होगी लेकिन कटौती का कोई शेड्यूल नहीं है। साहुपुरी में फाल्ट की वजह से दिक्कत हो रही है। चहनियां संवाददाता के अनुसार स्थानीय विद्युत उपकेंद्र के मारूफपुर फीडर पर पिछले दो माह से पांच एमबी का नया ट्रांसफार्मर आने के बाद भी विद्युत आपूर्ति सुचारू नहीं हुई। यहां से इलाके में मात्र चार से पांच घंटे ही बिजली आपर्ति हो रही है। क्षेत्र के पदमाकर मिश्र, राकेश मिश्र, अंबरिश आदि ने बताया कि इसकी शिकायत मुख्यमंत्री को भेजी गई है। चेतावनी दी कि यदि स्थिति नहीं सुधरी तो किसान आंदोलन करेंगे। सैयदराजा संवाददाता के अनुसार नगर में सुबह 7 बजे से बिजली गुल हुई तो देर रात तक नहीं आई। नगर के जीटी रोड स्थित भीम बाबा मंदिर से लेकर दक्षिणी बाजार तथा स्टेशन रोड के समीप केबल बदलने की वजह से बिजली काटी गई। नगर के लोगों का कहना है कि बिजली काटे जाने से लोग उमस भरी गर्मी दिन काटने को मजबूर हैं।