चंदौली। क्षेत्र हथियानी गांव में हुए प्रधानी में मतगणना में धांधली को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट व पुलिस लाइन के पास विरोध प्रदर्शन किया था। मामले में सदर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोविड के नियमों का उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस 21 नामजद व 48 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। हथियानी ग्राम पंचायत में नामांकन के बाद प्रत्याशी राजेंद्र चौहान की मौत हो गई थी। इसकी जानकारी होते ही प्रशासन ने उक्त गांव के प्रधान पद के मतदान को रोक दिया। इस बीच मृत उम्मीद्वार राजेंद्र के पुत्र ने नामांकन किया और मतदान के लिए नौ मई की तिथि निर्धारित हुई। मतगणना के दौरान हथियानी गांव के प्रधान प्रत्याशी अरविंद चौहान मात्र 15 वोट से हार गए। इससे बौखलाए उनके समर्थक कलेक्ट्रेट पहुंच कर मुख्य मार्ग पर धरना पर बैठ गए। आरोप लगाया कि मतगणना में धांधली की गई है। आरओ ने कम मतों की गिनती कराकर दूसरे प्रत्याशी को 15 वोटों से जीत दिला दी है जो न्यायसंगत नहीं है। गुस्साए ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट गेट पर जमकर बवाल काटा था। सीओ सदर रामवीर सिंह ने बताया कि मामले में 21 नामजद व 48 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।