पीडीडीयू नगर। नगर में रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर सोमवार को दोपहर में रिलायंस जिओ के आप्टिकल फाइबर शिफ्टिंग के दौरान किसी तरह करेंट उतरने से इसकी चपेट में आने से काम कर रहा युवक गंभीर रूप से झुुलस गया। पुल पर इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। उसे समीपवर्ती राजकीय महिला अस्पताल (पीपी सेंटर) पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देख वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया।
जिओ ने बेहतर नेटवर्किंग कवरेज के लिए आप्टिकल फाइबर बिछा रखे हैं। नगर में जीटी रोड रेलवे ओवरब्रिज के किनारे से भूमिगत केबल बिछाया गया है। वहीं ब्रिज पर ऊपर में केबल गुजरा है। फाइबर आप्टिकल में खराबी आने और नेटवर्क में गड़बडी की शिकायत पर दो आप्टिकल फाइबर बदलने का काम चल रहा था। कंपनी की ओर से दोपहर बनारस के मिर्जामुराद थाना अंतर्गत गौरेया निवासी सरोज कुमार उर्फ राजू (32) काम कर रहा था। इसी बीच किसी तरह फाइबर में करेंट उतर आया और राजू उसकी चपेट में आकर झुलस गया। रिलायंस के फाइबर इंजीनियर अमित सिंह का कहना है कि जीटीआर ब्रिज के पास रेल फ्रेट कॉरीडोर की रेलवे लाइन के लिए सड़क खोदाई का काम चल रहा है। इसके लिए कंपनी की केबल को शिफ्ट किया जा रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी फाइबर केबल से हाईवोल्ट तार से सट गया और चपेट में आ गया। इसका इलाज महिला राजकीय चिकित्सालय में कराया गया। वहां से उसे चिकित्सकों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर भेज दिया।