मृदा कार्य में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
उप प्रभागीय वनाधिकारी ने वन क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
नौगढ़। काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर के उप प्रभागीय वन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने गुरुवार को तहसील नौगढ़ के जयमोहनी, मजगाई और नौगढ़ रेंज के वन क्षेत्रों में कराए जा रहे अग्रिम मृदा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी।
उन्होंने रेंज के पौधशाला में पुराने पौधों में कंपोस्ट की खाद डालने और निराई करने का निर्देश दिया। वहीं वन क्षेत्राधिकारी रामगति राय को चंद्रकांता वन विश्राम गृह के सुंदरीकरण के कार्य में विलंब होने पर नाराजगी जताई और मार्च के पहले सप्ताह तक कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी। इसके बाद उन्होंने मजगाई और जयमोहनी रेंज में कराए जा रहे वानिकी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। कहा कि बोनानाली और गड्ढों की खुदाई निर्धारित माप से कम हुई तो जिम्मेदारों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी जानकीशरण श्रीवास्तव, वन दरोगा रमाशंकर सिंह यादव, गुरुदेव यादव, आदित्य सिंह सहित अन्य वन कर्मचारी मौजूद थे।