कंदवा। बरहनी स्थित मां मंशादेवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव शनिवार को धूमधाम से मनाया गया। मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को तालियां बजाने पर विवश कर दिया। मुख्य अतिथि ने वर्ष 2018 की परीक्षा में सफल छात्राओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी है। विद्यालय से ही बच्चों में संस्कार दिए जाते हैं। उन्होंने परिवारों में हो रहे विघटन पर गहरी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि विद्यालयों में समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम किए जाने चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी उर्जा व शक्ति का उपयोग राष्ट्र हित में लगाने की अपील की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, सामूहिक नृत्य, एकल गीत, सामूहिक गीत, होली गीत, देशभक्ति गीत, गजल और कौव्वाली आदि प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने मेरा वतन मेरा चमन, जिसने सर दे दिया है वतन के लिए, ए वतन मैं हूं फौजी गीत प्रस्तुत कर सबको भाव विभोर कर दिया। इसके अलावा लघु नाटिका अपना पराया प्रस्तुत कर सबको सोचने पर विवश कर दिया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि को बुके, अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डा. संजय सिंह, डा. जयकुमार सिंह, बसंत सिंह, अनूप सिंह, मृत्युंजय दीपू, पवन जनसेवक, बेचू कन्नौजिया, उपासना, पूजा, साक्षी, संध्या, रंजना, डाली, निधि, अनिल सिंह मौजूद रहे। अध्यक्षता हरिद्वार सिंह, संचालन डा. समर बहादुर सिंह व धन्यवाद ज्ञापन प्रबंधक सुनील सिंह ने किया।