सकलडीहा। कस्बा स्थित शिव सरोवर का सुंदरीकरण और साफ-सफाई न होने से नाराज कस्बावासियों व ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की। चेताया कि सरोवर का शीघ्र सुंदरीकरण और सफाई कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण जनप्रतिनिधियों का पुतला फूंक विरोध करने को विवश होंगे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कस्बा के प्राचीन शिव सरोवर और दाह संस्कार स्थल के सुंदरीकरण के लिए जिला पंचायत सदस्य ने आश्वासन दिया था। इसके चार वर्ष से अधिक बीत जाने के बाद भी सुंदरीकरण का कार्य आरंभ नहीं हुआ है। वहीं सरोवर के चारों ओर गंदगी का अंबार भी लगा हुआ है। जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण तहसील मुख्यालय, सीओ कार्यालय, कोतवाली, कस्बा, कॉलेज मार्ग, डाकघर, खोवा मंडी, सकलडीहा कोट सहित गांव और मुहल्ले में कूड़ा करकट का अंबार लगा है। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। नाराज ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधियो के खिलाफ भड़ास निकाली। प्रदर्शन करने वालों में प्रकाश आलम, अशोक मोदनवाल, सुरेश जायसवाल, बंटी जायसवाल, अजीत जायसवाल, बच्चू गुप्त आदि शामिल रहे।