पीडीडीयू नगर। बक्सर और वाराणसी के बीच नई मेमू ट्रेन का संचालन बुधवार से किया जाएगा। रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा नई दिल्ली से वीडियो लिंक के माध्यम से बुधवार को दोपहर तीन बजे स्पेशल ट्रेन के रूप में बक्सर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गुरुवार से इसका नियमित संचालन कियाजाएगा।
पिछले दिनों धीना और सकलडीहा में फुटओवर ब्रिज का शिलान्यास करने आए रेल राज्य मंत्री ने बक्सर और वाराणसी के बीच नई मेमो ट्रेन के संचालन की घोषणा की थी। इसी के तहत इसकी शुरूआत की जा रही है। बुधवार को वाराणसी बक्सर स्पेशल दिन में तीन बजे खुलकर शाम छह बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसी दिन शाम सात बजकर 35 मिनट पर खुलकर रात 23 बजकर 45 मिनट पर यह ट्रेन बक्सर पहुंचेगी। गुरुवार से प्रतिदिन सुबह 06.15 बजे खुलकर 08 बजकर 50 मिनट पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। यहां से चलकर सुबह 09.45 पर वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में वाराणसी से शाम छह बजकर 25 मिनट पर खुलकर सात बजकर 12 मिनट पर पीडीडीयू जंक्शन पहुंचेगी। यहां से खुलकर रात दस बजे बक्सर पहुंचेगी। मेमू ट्रेन बक्सर और वाराणसी के बीच 111 किलोमीटर की दूरी 3 घंटा 30 मिनट में पूरी करेगी। यह ट्रेन अप और डाउन में बक्सर और वाराणसी के बीच चौसा, बाराकलां हाल्ट, गहमर, करहिया हाल्ट, भदौरा, उसियाखास हाल्ट, दिलदारनगर, दरौली, जमानियां, धीना, कुछमन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जं., व्यास नगर एवं काशी स्टेशन पर रूकेगी।
कृष्ण मुरारी मिश्र
बाइट-1400