चंदौली। कर-करेत्तर, राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें डीएम ने राजस्व वसूली कम होने पर कई विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। कार्य में लापरवाही बरतने पर ईओ चकिया का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश जारी किया। बाट माप अधिकारी द्वारा गलत आंकड़ा प्रस्तुत करने पर डीएम ने कड़ी चेतावनी दी । दस बड़े बकाएदारों के खिलाफ अभियान तेज करने के लिए संबंधित एसडीएम को निर्देश दिया।
बैठक में उपजिलाधिकारियों से कहा कि राजस्व वसूली के लिए शासन से निर्देश मिलने के बाद भी अधिकारी सुस्त पड़े हैं। इससे राजस्व वसूली का कार्य लक्ष्य के सापेक्ष काफी कम है। कहा कि पुराने ढर्रे पर कार्य करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होगी। सभी अधिकारी महीने के 25 तारीख को लेखपाल, कानूनगो के साथ बैठक कर राजस्व वसूली की समीक्षा करें। कहा कि पांच वर्ष से पुराने लंबित प्रकरणों कोे स्थलीय निरीक्षण व सुलह समझौते के आधार पर निस्तारित कर रिपोर्ट से अवगत कराएं। लेखपालों द्वारा उनके क्षेत्र में वरासत और प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की भी क्रास चेकिंग करने का निर्देश दिया। इस दौरान एडीएम बच्चालाल, एसडीएम आशीष सिंह, मनोज सिंह, दीप्ति देव, राम सजीवन मौर्य, नायब बृजेश कुमार, शैलेंद्र कुमार, एआटीओ विजय प्रकाश सिंह मौजूद रहे।