चंदौली। प्रमुख सचिव एवं जिले के नोडल अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र सभागार में जिले की विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में तल्ख दिखे। जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक में धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित विभागों को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही विकास कार्यों में तेेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में उन्होंने सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण की प्रगति देख रहे थे। इस दौरान विकास कार्यों की खराब प्रगति देख विभागीय अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। कार्यशैली में सुधार लाने की हिदायत दी। वहीं सेतु निगम के अधिकारियों को आरओबी निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग अनुराग श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री आवास निर्माण में तेजी लाने के लिए सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव को बराबर मानिटरिंग करने की नसीहत दी। सिंचाई की समस्या को देखते हुए उन्होंने एक्सईन नलकूप को खराब और बंद पड़े नलकूपों की मरम्मत करके चालू करने का निर्देश दिया। स्वच्छ भारत मिशन जनपद में बन रहे शौचालयों की गुणवत्ता और धांधली की जांच करने के लिए नोडल अधिकारियों को गांवों का दौरा करने का निर्देश दिया।
राजस्व वसूली की प्रगति कम होने पर प्रमुख सचिव ने डीएम नवनीत सिंह चहल को लेखपाल को हल्के में भेजकर लक्ष्य के अनुरूप वसूली कराने का निर्देश दिया। प्रमुख सचिव ने संस्थागत प्रसव कम होने पर नाराजगी जताते हुए शून्य प्रगति वाली 522 आशा व एएनएम की सेवा समाप्ति करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। इसके अलावा प्रमुख सचिव ने शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण, कृषि, जिला पूर्ति, खेल सहित कई विभागों की प्रगति की समीक्षा किया। समीक्षा बैठक के दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल, सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, बीएसए भोलेंद्र प्रताप, डीआईओएस डा. विनोद राय, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार भारती, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एसपी पांडेय, कृषि उपनिदेशक विजय सिंह मौजूद रहे।