चंदौली। वन विभाग द्वारा बेदखली की कार्रवाई से नाराज नौगढ़ के आठ गांवों के लोगों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि वन विभाग के अधिकारी वनाधिकार कानून का खुला उल्लंघन कर रहे हैं। इसके वनवासियों ने सामुदायिक दावा दर्ज करने के लिए अतिरिक्त एसडीएम जेएल सरोज को दस्तावेज सौंपकर अपनी मांगों पर विचार करने का आग्रह किया।
नौगढ़ विकास खंड के भरदुआ, अतरवां, लहुराडीह, महुआ, उदितपुर सुर्रा, खजुरहिया, लक्षिमनपुर, कटरी(कुबराडीह) के लोग शुक्रवार को ट्रैक्टर टाली में बैठकर जिला मुख्यालय पहुंचे। वे कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने लगे। वनवासियों की भीड़ देख सुरक्षा कर्मियों ने कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद कर दिया। वनवासी आठ गांवों के दस्तावेज के साथ सामूहिक दावा पेश करना चाहते थे। लेकिन मुख्य गेट बंद होने पर नाराज वनवासी वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करने लगे । कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान वनवासियों ने आरोप लगाया कि वे वर्षों से जंगल में रह रहे हैं किंतु उन्हें बेदखल किया जा रहा है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। जानकारी होने पर ओसी जेएल सरोज गेट पर पहुंच वनवासियों से उनके दस्तावेज को लिया और दावा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान शिवकुमारी गोंड, रामबली गोंड, धनपत्ती गोंड, सुगवंती भारती, धनपत्ती भारती, जसवंत चेरो आदि रहे।