चंदौली। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को मातहतों संग पुलिस लाइन कार्यालय पर क्राइम मीटिंग की। इस दौरान उन्होंने जिले के थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में अवैध शराब की बिक्री नहीं होनी चाहिए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्यवाही होगी। निर्देश दिया कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्यवाही करें। इस दौरान एसपी ने कहा कि सरकार अवैध शराब बनाने तथा अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने वालों के खिलाफ सख्ती के मूड में हैं। शासन ने सूबे में अवैध शराब के कारोबार को समाप्त करने के लिए सभी जिलों को निर्देश जारी किए हैं। जिले के सभी थाना प्रभारी, बीट इंचार्ज व बीट आरक्षी अवैध शराब के निर्माण व उसकी बिक्री पर समाप्त करने के लिए सख्ती दिखाएं। थाना प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि उनके थाना क्षेत्र में कहीं किसी भी प्रकार के अवैध मादक पदार्थों की बिक्री नहीं होने पाए। जिले के सभी मुख्य मार्गों, चौराहों एवं हाइवे पर रात्रि चेकिंग करते हुए संदिग्ध दो पहिया, चार पहिया एवं अन्य वाहनों तथा संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग हर हाल में होनी चाहिए। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। लूट आदि घटनाओं में जेल से बाहर आए अपराधियों पर नजर बनाए रखें। नकबजनी, चोरी, वाहन चोरी और लूट की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त करें। आनलाइन प्राप्त हो रहे सभी शिकायतों का निस्तारण अविलम्ब किये जाने व सम्बन्धित प्रभारी द्वारा रिपोर्ट प्रतिदिन अपने समक्ष प्रस्तुत किये जाने हेतु निर्देशित किए। सभी थाना प्रभारी बैंकों, पेट्रोल पंपों, महिला महाविद्यालयों, भीड़-भाड वाले स्थानों पर भ्रमण करते रहें। एसपी ने सावन माह व शिवरात्रि त्यौहार के दृष्टिगत अपने-अपने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले मंदिरों तथा धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाएं और स्वयं भ्रमणशील रहकर शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।