नौगढ़। पुलिस ने रविवार की रात स्कार्पियो से तस्करी कर ले जाए जा रहे 54.58 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर कार की सीट के नीचे बोरे में गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पकड़े गए अलीगढ़ के तस्कर गैंगस्टर एक्ट का आरोपी है।
सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि रविवार की रात नौ बजे थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ मझगाई मोड़ पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सफेद रंग की एक स्कार्पियो आती दिखी।
पुलिस ने टार्च की रोशनी से स्कार्पियो को रुकने का इशारा किया तो चालक ने वाहन की गति तेज कर दी।पुलिस ने घेरेबंदी कर कार रोकवाई। तलाशी ली गई तो सीट के नीचे तीन बोरों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
कार सवार अलीगढ़ निवासी गैंगस्टर एक्ट के आरोपी जय प्रकाश और हाथरस निवासी हरेंद्र कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर दिया। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि जयप्रकाश उर्फ जेपी पर अलीगढ़ में गैंगस्टर एक्ट लगा हुआ है। दोनों का चालान किया गया है।