कंदवा। सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अमड़ा बाजार में शनिवार को बालू लदे ट्रक के सड़क के बीच में खराब हो जाने से भीषण जाम लगा रहा। इस दौरान कंदवा से औरइया तक करीब सात किमी वाहनों की कतार लगी रही। अन्य चालकों ने काफी प्रयास कर ट्रक में आई खराबी दूर कर ट्रक को एक किनारे किया तब जाकर लगभग तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ और लोगों ने राहत की सांस ली।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे पटरी का निर्माण नहीं कराया गया है। नो इंट्री के चलते ट्रक चालक अक्सर सड़क किनारे ट्रकें खड़ा कर खाने बनाने का सामान अमड़ा बाजार से ही खरीदते हैं। शनिवार को दिन में करीब 11 बजे जमानिया की तरफ जा रहे एक ट्रक का चालक ट्रक खड़ा कर खाद्य सामान लेने चला गया। वापस लौट कर तब वह ट्रक को स्टार्ट करने लगा तो ट्रक स्टार्ट नहीं हुआ। इसके बाद जाम लगना शुरू हो गया। करीब तीन घंटे प्रयास कर अन्य ट्रक चालकों ने खराबी ठीक किया तो धीरे धीरे जाम समाप्त हुआ। इस दौरान यात्री वाहन भी जाम में फंसे रहे। जाम के चलते आवागमन करने वाले लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।