कंदवा। प्राथमिक विद्यालय कंदवा में बच्चों से सड़क से गिट्टियां उठवाने के मामले में शनिवार को बीएसए के निर्देश पर बरहनी के खंड शिक्षाधिकारी राकेश सिंह ने प्रधानाध्यापक कमलेश राय को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इससे शिक्षकों में हड़कंप मचा है। गौरतलब है कि कंदवा-ककरैत मार्ग पर सड़क मरम्मत के कारण मार्ग के किनारे पड़ी गिट्टियां विद्यालय के शिक्षक बच्चों से उठवाकर विद्यालय के रास्ते पर रखवा रहे थे। इस खबर को अमर उजाला ने शनिवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामले को संज्ञान में लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी भोलेंद्र प्रताप सिंह ने खंड शिक्षाधिकारी बरहनी राकेश सिंह को मामले की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। इस पर बीईओ बरहनी ने प्राथमिक विद्यालय कंदवा के प्रधानाध्यापक कमलेश राय को नोटिस जारी कर दो दिन में साक्ष्य के साथ स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। बीईओ ने कहा कि प्रधानाध्यापक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।