चंदौली। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने शनिवार की देर रात कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। चेताया कि विकास योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को चेताया कि तय अवधि में कार्यों को पूरा कराएं।
समीक्षा बैठक के दौरान ने उन्होंने सांसद निधि से धन अवमुक्त होने के बाद भी सभी ब्लाकों में मृदा परीक्षण मशीन नहीं खरीदने पर जिला कृषि अधिकारी और स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनने वाले शौचालयों की खराब प्रगति पर डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही समय रहते सभी गांवों को ओडीएपफ घोषित करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक के दौरान डा. पांडेय विकास कार्यों को गति देने के लिए काफी तल्ख दिखे। उन्होंने अपने गोद लिए आदर्श गांव जरखोर में पेयजल पाइप लाइन बिछाने में देरी और धन जारी होने के बाद भी काम पूरा नहीं होने पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने एक्सईएन जल निगम अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई। मुख्यालय के सभी चौराहों पर हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए उन्होंने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। कहा कि सरकार जनपद के विकास और कई बड़ी परियोजनाओं के लिए धन अवमुक्त कर दिया गया है, किंतु अधिकारियों की लापरवाही के चलते विकास कार्य गति नहीं पकड़ रहे हैं। वहीं केंद्रीय विद्यालय में बनने वाले आडिटोरियम का कार्य शुरू नहीं होने पर उन्होंने डीएम को कार्य की मानिटरिंग करने का निर्देश दिया। इस दौरान डीएम नवनीत सिंह चहल, एसपी संतोष सिंह, सीडीओ डा. एके श्रीवास्तव, विधायक सुशील सिंह, साधना सिंह, बीएसए भोलेंद्र प्रताप, डीपीआरओ उमाशंकर मिश्र, डीडीओ पद्मकांत शुक्ल, डीआईओएस डा. विनोद राय मौजूद रहे।