चंदौली। सम्मानजनक मानदेय को लेकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यगकर्ताओं ने गुरुवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने संवेदनहीनता की हद पार कर दी है। पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं का धरना उन्नीस दिनों से जारी है लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं धरना चलता रहेगा।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुषमा मिश्रा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 18 हजार और सहायिकाओं को दस हजार रुपये मानदेय देने, केंद्रों पर सुविधाएं मुहैया कराने, चिकित्सकीय अवकाश देने, हाट कुक्ड योजना का बजट जारी नहीं करने वाले अधिकारियों के विरुद्घ कार्रवाई आदि मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धरना दे रही हैं। लेकिन सरकार का ध्यान इस तरफ नहीं जा रहा है। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी शासन के दबाव में धरना समाप्त करने का दबाव बना रहे हैं। शासन और प्रशासन की इस नीति को कार्यकर्ता स्वीकार नहीं करेंगी। सरकार की वादाखिलाफी से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कहा कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंगनबाड़ी सड़कों पर चक्काजाम करने से भी परहेज नहीं करेंगी। कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मोमबत्ती जुलूस निकालकर अपना विरोध प्रगट करने का निर्णय दिया। इस अवसर पर प्रतिमा, सरस्वती, दीपमाला, रामबत्ती, कुसुम, आशा, महिमा, सुशीला, प्रियंका आदि रहीं।