पीडीडीयू नगर। होली पर्व पर नगर में लगने वाला जाम का झाम समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद जीटी रोड पर जाम लगा रहा। वहीं दूसरे दिन भी लोगों को जाम से निजात नहीं मिली। जीटी रोड के अलावा नगर की गलियों में भी जाम लगता रहा। जाम में फंसे लोगों को सूझ नहीं रहा था कि आखिर वे गुजरें भी तो कहां से।
यातायात व्यवस्था सुचारु न होने और स्थाई वाहन स्टैंड के अभाव में जीटी रोड पर आम दिनों में भी जाम लगा रहता है। पर्वों के समय जब बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है तो स्थिति भयावह हो जाती है। वाहनों के पहिए थम जाते हैं और पैदल भी भीड़ से निकलना मुश्किल भरा हो जाता है। होलिका की पूर्व संध्या पर मंगलवार को खरीदारों की भीड़ उमड़ने से बाजार में जीटीआर ब्रिज से सुभाष नगर मोहल्ले के मोड़ तक जाम लगा रहा। जाम की स्थिति जीटी रोड के अलावा गलियों में भी बनी रही। धर्मशाला रोड, गल्लामंडी, नई सट्टी, रस्तोगी गली आदि में दो पहिया वाहन व लोग ठसाठस भरे रहे। इससे इन गलियों से पैदल गुजरना भी नामुमकिन साबित हो रहा था। पुलिस व यातायात विभाग के कर्मी भी जाम छुड़ाने में बेबस दिख रहे थे। यातायात प्रभारी पंकज पांडेय ने बताया कि भारी वाहनों के नगर में प्रवेश पर रोक लगा दिए जाने के बाद भी जाम लग जा रहा था। वाहनों की अधिकता व आगे निकलने की होड़ में वाहन चालकों का ओवरटेक करने का प्रयास जाम का मुख्य कारण बना रहा। वैसे यातायात विभाग के कर्मचारी जाम छुड़ाने का प्रयास करते रहे।