बबुरी। स्थानीय बाजार में रविवार की देर शाम छापेमारी कर पुलिस ने एक दुकान से साढ़े पांच कुंतल पटाखा बरामद किया है। इसकी कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इस दौरान आरोपी मौका पाकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है। वहीं दुकान से मिले पटाखे को पुलिस ने जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। बतादें भदोही में पटाखे की दुकान में हुई घटना और कई लोगों की जान जाने के बाद भी पटाखे का खेल जिले में धड़ल्ले से जारी है। बबुरी बाजार में सब्जी मंडी रोड स्थित सरफराज की दुकान है। स्थानीय लोगों के अनुसार सरफरार पुलिस की मिलीभगत से काफी दिनों से पटाखे का कारोबार कर रहा था। लेकिन किसी ने इसकी शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से कर दी थी। इसके बाद स्थानीय पुलिस ने तेजी दिखाते हुए रविवार की देर शाम दुकान पर छापेमारी कर दी। पुलिस के पहुंचते ही सरफराज और वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दुकान खंगालना शुरू किया तो होश उड़ गए। दुकान में भारी मात्रा में चोरी छिपे बड़े पैमाने पर पटाखा बरामद हुआ। सीओ कुंवर प्रभात सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।