पीडीडीयू नगर। जाम से निजात दिलाने और सुगम यातायात के लिए चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर बन रहे रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) की रफ्तार पर रेलवे ने ब्रेक लगा दी है। कारण कि सकलडीहा मार्ग पर मुख्यालय के समीप क्रासिंग पर बनने वाले पिलर और स्लैब की ड्राइंग व डिजाइन रेलवे ने अभी तक उपलब्ध नहीं कराई। इसके चलते सेतु निगम वहां निर्माण कार्य शुरू नहीं करा पा रहा है। वहीं, आरओबी के काम में दुकानें और भवन भी रोड़ा बने हुए हैं। अतिक्रमण के कारण निर्माण कार्य रफ्तार नहीं पकड़ पा रहा। चंदौली-सकलडीहा मार्ग पर आरओबी का निर्माण कार्य वर्ष 2017 के अंत में शुरू हुआ था। करीब 33 करोड़ की लागत से बनने वाले आरओबी का निर्माण कार्य मार्च 2019 में पूरा करना था लेकिन अब इसकी मियाद बढ़ाकर जून तक कर दी गई है। पहले तो सेतु निगम ने धीमी गति से काम शुरू किया। बाद में डीएम नवनीत सिंह चहल ने कड़ाई की तो काम में तेजी जरूर आई लेकिन रेलवे की लापरवाही के चलते क्रासिंग पर निर्माण कार्य रुक गया। दरअसल जहां-जहां रेलवे क्रासिंग हैं, वहां रेलवे या तो खुद निर्माण कराता है या फिर अपनी ड्राइंग व डिजाइन के अनुसार कार्यदायी संस्था से काम कराता है। सकलडीहा क्रासिंग पर काम कर रही संस्था सेतु निगम को ही पिलर और स्लैब ढालना है लेकिन रेलवे ने अभी तक ड्राइंग ही मुहैया नहीं कराई है। इससे वहां पर लटका हुआ है। इसके अलावा चंदौली-सकलडीहा मार्ग के मोड़ पर अतिक्रमण कर बने भवन और दुकानों को भी प्रशासन हटा नहीं सका है। इससे भी निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। रेलवे और प्रशासन की लापरवाही से आरओबी का काम लटकता जा रहा है।