पड़ाव। क्षेत्र के मढ़िया न्याय पंचायत के सात गांवो को वाराणसी जिले में मिलाने की मांग को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने बुधवार को हस्ताक्षरयुक्त पत्रक वाराणसी कमिश्नर को सौंपा। उन्होंने इसकी एक प्रति प्रधानमंत्री कार्यालय में भी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 1997 में चंदौली जिला बनने के बाद मढ़िया न्याय पंचायत के दो गांव डोमरी व सूजाबाद को पहले की तरह ही वाराणसी जिले में रखा गया जबकि अन्य गावों जलीलपुर, मढ़िया, बहादुरपुर, चौरहट, सेमरा, कटेसर, रतनपुरको चंदौली जिले से जोड़ दिया गया। आरोप लगाया कि इससे इन गांवों का विकास कार्य रुक गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पड़ाव से चंदौली जिला न्यायालय, पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी कार्यालय और विकास भवन की दूरी 25 किलोमीटर है। वहीं थाना भी आठ किलोमीटर दूर है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी असुविधाओं का सामना पड़ता है। यदि इन गांवों को फिर से वाराणसी जिले से जोड़ दिया जाए तो उनकी समस्या काफी कम हो जाएगी। वाराणसी स्थित कचहरी व अन्य सरकारी कार्यालयों की दूरी भी कम होकर मात्र आठ किलोमीटर रह जाएगी। पत्रक सौंपने वालों में भूपनरायण ओझा, एड. रविंद्र कुमार, रामचंद्र चौधरी, श्यामलाल पटेल, हरिराम चौधरी शामिल थे।